सेवा संकल्प अभियान: सेवा की कहानी प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से लक्ष्मीनारायण साहू ने स्थापित किया फर्नीचर निर्माण उद्योग, बने आत्मनिर्भरता की मिसाल

सेवा संकल्प अभियान: सेवा की कहानी प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से लक्ष्मीनारायण साहू ने स्थापित किया फर्नीचर निर्माण उद्योग, बने आत्मनिर्भरता की मिसाल
सक्ती, 13 अक्टूबर 2026// सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आमजन की सेवा की कहानियां सामने आ रही है। इसी क्रम में सक्ती जिले की तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम सकरेलीकला निवासी श्री लक्ष्मीनारायण साहू, पिता श्री रूपलाल साहू, ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से स्वरोजगार के क्षेत्र में सफलता हासिल की है। 29 वर्षीय स्नातक तक की शिक्षा प्राप्त कर चुके लक्ष्मीनारायण ने नौकरी की तलाश करने के बजाय स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया और उद्योग विभाग अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना का लाभ लेकर फर्नीचर निर्माण उद्योग स्थापित किया। अन्य पिछड़ा वर्ग से ताल्लुक रखने वाले लक्ष्मीनारायण के लिए स्वयं का व्यवसाय शुरू करना आसान नहीं था। अपने सपनों को साकार करने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना का सहारा लिया। इस योजना के तहत उनके व्यवसाय के लिए कुल 9 लाख 50 हजार रुपये की ऋण राशि स्वीकृत की गई। साथ ही, शासन की ओर से 3 लाख 50 हजार रुपये की अनुदान राशि भी प्राप्त हुई। इस वित्तीय सहायता से उन्हें अपना फर्नीचर निर्माण उद्योग स्थापित करने में मदद मिली।
लक्ष्मीनारायण ने अपनी मेहनत, उच्च गुणवत्ता और कुशल कार्यशैली के बल पर व्यवसाय को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया। आज वे अपने उद्यम के माध्यम से परिवार को आर्थिक संबल प्रदान कर रहे हैं। साथ ही, क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरे हैं। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम जैसे प्रयास युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस योजना के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को आभार व्यक्त किया।



