लखपति दीदी योजना से सुनीता साहू बनीं आत्मनिर्भर, फैंसी स्टोर और पशुपालन से कमा रहीं अच्छी आय,स्व सहायता समूह से जुड़कर स्वरोजगार को दिया बढ़ावा, अन्य महिलाओं को भी कर रहीं प्रेरित

लखपति दीदी योजना से सुनीता साहू बनीं आत्मनिर्भर, फैंसी स्टोर और पशुपालन से कमा रहीं अच्छी आय,स्व सहायता समूह से जुड़कर स्वरोजगार को दिया बढ़ावा, अन्य महिलाओं को भी कर रहीं प्रेरित
सक्ती, 17 अक्टूबर 2026// सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से महिलाओं के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलाव और सेवा की कहानियां सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में विकासखंड डभरा के ग्राम गिरगिरा निवासी श्रीमती सुनीता साहू ने लखपति दीदी योजना के माध्यम से स्वरोजगार अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की है। जागृति स्व-सहायता समूह से जुड़ी सुनीता साहू फैंसी स्टोर एवं सिलाई कार्य के साथ पशुपालन से भी आय अर्जित कर रही हैं। श्रीमती सुनीता साहू पहले घर से ही काम करती थीं, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया। स्व-सहायता समूह के माध्यम से ऋण एवं शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर उन्होंने फैंसी स्टोर और सिलाई का काम शुरू किया।
सुनीता साहू ने बताया कि फैंसी स्टोर एवं सिलाई कार्य से प्रतिमाह अच्छी आमदनी आ जाती हैं । इस प्रकार स्वरोजगार के विभिन्न माध्यमों से वे परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। सुनीता साहू ने इस सहयोग के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकार और जनपद पंचायत डभरा के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके कार्यों से प्रेरित होकर अन्य महिलाएं भी स्वरोजगार अपनाने के लिए आगे आ रही हैं। सुनीता साहू की सफलता की कहानी महिला सशक्तीकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता और शासकीय योजनाओं के प्रभावी लाभ का उदाहरण है। इन योजनाओं के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को आभार व्यक्त किया।


