Cg NewsSakti News

धान खरीदी को लेकर जिले में 2 नवंबर से 5 नवंबर तक होगा ट्रायल रन, जिले के सभी उपार्जन केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम करने के दिए गए निर्देश,धान खरीदी केंद्रों में साफ-सफाई से लेकर पेयजल तक के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश

धान खरीदी को लेकर जिले में 2 नवंबर से 5 नवंबर तक होगा ट्रायल रन, जिले के सभी उपार्जन केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम करने के दिए गए निर्देश,धान खरीदी केंद्रों में साफ-सफाई से लेकर पेयजल तक के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश

सक्ती, 31 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन की अध्यक्षता में आज आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर वीडियो कांफ्रेंसिंग आयोजित की गई। वीडियो कांफ्रेंसिंग में जिले की सभी धान खरीदी समितियों एवं उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से होने वाले धान खरीदी के लिए शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी की सभी व्यवस्थाएं सूनिश्चित करते हुए जिले के सभी धान खरीदी केंद्रो में 2 नवंबर से 5 नवंबर तक ट्रायल रन कराए जाने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर ने जिले के सभी केंद्रों में शासन द्वारा जारी चेकलिस्ट के अनुरूप आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए है। शासन के निर्देशानुसार प्रदेश साहित जिले में 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक धान खरीदी होगी।

कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्रों में साफ-सफाई, फेंसिंग, विद्युत व्यवस्था, तथा बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता सहित अन्य सभी व्यवस्थाए सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बायोमेट्रिक उपकरणों की उपलब्धता, किसानों के लिए पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था, शौचालय तथा प्राथमिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने समितियों में संचालित पीसीएसएपी पोर्टल पर उपार्जन केंद्रों से संबंधित जानकारी की सटीक प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा शासन के निर्देशों का पालन करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।

कलेक्टर ने जिले में अवैध धान पर रोक लगाने के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कोचियों और बिचौलियों पर सतत निगरानी रखने और कड़ी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार कर पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि पात्र किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो। वीडियो कांफ्रेंसिंग में जिला खाद्य अधिकारी, जिला मार्कफेड अधिकारी, उपसंचालक कृषि, सहकारिता नोडल सहित सभी एसडीएम तहसीलदार आदि संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

 

*शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी*

 

शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार जिले में धान खरीदी की अवधि 15 नवंबर से 15 जनवरी तक निर्धारित की गई है। सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपए प्रति क्विंटल तथा धान ग्रेड-ए का समर्थन मूल्य 2461 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल की अधिकतम सीमा तक धान की खरीदी की जाएगी। धान का उपार्जन सहकारी समितियों में पंजीकृत कृषकों द्वारा एग्रीस्टेक फॉर्मर रजिस्ट्री में पंजीकृत खसरों के आधार पर किया जाएगा। किसान स्वयं अथवा अपने नामिनी के माध्यम से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के आधार पर धान का विक्रय कर सकेंगे। धान खरीदी केंद्रों में संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। धान खरीदी की तैयारियों एवं ऑनलाइन व्यवस्था की जांच के लिए 2 नवंबर से 5 नवंबर तक ट्रायल रन आयोजित किया जाएगा। धान खरीदी के दौरान धान की गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। किसानों को धान विक्रय की राशि का भुगतान डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप धान खरीदी की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा ट्रायल रन के दौरान ऑनलाइन व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिससे धान खरीदी के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृण हो सके और धान खरीदी के दौरान जिले के किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े।

Jaswant Singh saysera

जसवंत सिंह सायसेरा, JS News CG के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की ताजा खबरों, शिक्षा, रोजगार, जनहित और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। उनका उद्देश्य सटीक, विश्वसनीय और समय पर समाचार उपलब्ध कराना तथा जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!