महामाई मंदिर में अष्टमी पर भव्य हवन; राज परिवार के नौनिहाल सम्राट बहादुर सिंह का हुआ अन्नप्राशन

महामाई मंदिर में अष्टमी पर भव्य हवन; राज परिवार के नौनिहाल सम्राट बहादुर सिंह का हुआ अन्नप्राशन
सक्ति। नगर की अधिष्ठात्री देवी मां महामाया के दरबार में शारदीय नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर भक्ति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। राज पुरोहित आचार्य संजय पांडे के सान्निध्य में मंदिर परिसर में एक भव्य हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोचार के बीच संपन्न हुए इस अनुष्ठान के बाद मातारानी की महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस विशेष और मंगलमयी वेला पर राज परिवार के नौनिहाल सम्राट बहादुर सिंह का अन्नप्राशन संस्कार भी पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस मांगलिक प्रसंग पर उपस्थित नगरवासियों और गणमान्य नागरिकों ने राज परिवार को बधाई दी। साथ ही नवागत शिशु के उज्जवल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन के लिए माता रानी से मंगल कामनाएं कीं।
राजमहल प्रमुख धर्मेंद्र सिंह सपरिवार हुए शामिल
धार्मिक अनुष्ठान के इन खास पलों में राजमहल सक्ति के प्रमुख धर्मेंद्र सिंह सपरिवार शामिल हुए। उन्होंने हवन कुंड में आहुतियां डालकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। हवन-पूजन के इस कार्यक्रम में क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां भी उपस्थित रहीं, जिनमें मुख्य रूप से उच्च न्यायालय के अधिवक्ता चितरंजय पटेल, वरिष्ठ पत्रकार राजेश खन्ना, अधिवक्ता लीलाधर चंद्रा, पुष्पेंद्र चंद्रा, रोहित देहारे, जाजंग सरपंच रति सिदार और कोमल सहित अनेक लोग शामिल हुए।
आस्था का प्रमुख केंद्र है महामाया मंदिर
गौरतलब है कि राज परिवार ट्रस्ट की देखरेख में संचालित नगर अधिष्ठात्री मां महामाया देवी का यह मंदिर पूरे अंचल के लोगों के लिए अगाध आस्था का केंद्र है। नवरात्रि के पर्व पर यहां न केवल नगर के बल्कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं। अष्टमी के दिन भी सुबह से लेकर देर रात तक मातारानी के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।



