
सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी शासकीय आयुर्वेद औषधालय में आयुर्वेदिक उपचार से अर्श (बवासीर) की समस्या में रीना खांडे को मिली राहत
सक्ती, 12 अक्टूबर 2026// सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा आमजन की सेवा की कहानियां सामने आ रही हैं। इसी क्रम में शासकीय आयुर्वेद औषधालय, खैरा में उपचार से सकरेली, बाराद्वार निवासी 36 वर्षीय श्रीमती रीना खांडे को अर्श (बवासीर) की समस्या में राहत मिली है। उनका उपचार चिकित्सक डॉ. नीतू बंजारे की सलाह पर आयुर्वेदिक दवाइयों द्वारा किया गया। श्रीमती रीना खांडे ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से वे पाइल्स की समस्या से बहुत परेशान थीं। इसके कारण उन्हें मानसिक चिड़चिड़ापन, कब्ज एवं खून जाने की समस्या हो रही थी। अंग्रेजी दवाइयों से उपचार कराने पर भी उन्हें ज्यादा आराम नहीं मिला। उन्होंने बताया कि जब से उन्होंने शासकीय आयुर्वेद औषधालय, खैरा में चिकित्सक की सलाह पर आयुर्वेदिक दवाइयों द्वारा उपचार प्रारंभ किया, तब से उन्हें बहुत कम समय में बेहतर आराम मिला है। श्रीमती रीना खांडे ने बताया कि आयुर्वेदिक उपचार से उन्हें अपनी समस्या में राहत मिली है। शासकीय आयुर्वेद औषधालय में उपलब्ध उपचार सुविधा उनके लिए लाभकारी साबित हुई है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को आभार व्यक्त किया।


